Home Astrology राज ज्वेलर्स छुरी लूट का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार,जेल में...

राज ज्वेलर्स छुरी लूट का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार,जेल में बनी थी दोस्ती, रिहाई के बाद रची लूट की साजिश। चोरी की बाइक और देशी कट्टे से दी थी वारदात को अंजाम

0
4

IMG 20260706 WA0210 IMG 20260706 WA0209 IMG 20260706 WA0208 IMG 20260706 WA0207 IMG 20260706 WA0206

 

 

कटघोरा थाना क्षेत्र में बहुचर्चित *राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रकरण* का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

 

*जेल में बने दोस्त, बाहर आकर बन गए लुटेरे*

गिरफ्तार आरोपी *गोपाल सिंह गोंड* उम्र 38 वर्ष निवासी घुचापुर, चौकी कोरबी और *परदेशी राठिया* उम्र 40 वर्ष निवासी जिलगा, थाना श्यांग हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में सजा काटकर जेल से छूटे थे। जेल में रहने के दौरान ही तीनों की दोस्ती हुई और रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई।

 

तीसरा आरोपी *विष्णु प्रसाद राठिया* निवासी कोलगा, थाना करतला अभी फरार है।

 

*दिनदहाड़े ग्राहक बनकर घुसे, कट्टा अड़ाकर की लूट की कोशिश*

प्रार्थी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि 01 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से 3 लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिसमें एक महिला के भेष में था।

 

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। फिर एक ने दरवाजा बंद किया और दूसरे ने देशी कट्टा छाती पर अड़ा दिया। तीसरे ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास कर आभूषण बैग में भरने शुरू कर दिए। इसी बीच बाहर भीड़ इकट्ठा होने पर तीनों सामान छोड़कर भाग निकले। भागते समय वे देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल *चेचिस नं. MD2B77AX2PWC03386* घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

 

*100 से ज्यादा CCTV और साइबर टीम की मदद से पकड़े गए*

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना प्रभारी मोती लाल पटेल और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने कोरबा और आसपास के 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर के जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे।

 

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गोपाल और परदेशी को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ पर दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

 

*मामला दर्ज*

इस संबंध में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक *237/2026 धारा 309(6), 61(2)(क) BNS एवं 25 आर्म्स एक्ट* के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

*पुलिस टीम को मिली सराहना*

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कटघोरा मोती लाल पटेल, निरीक्षक धर्मनरायण तिवारी, साइबर थाना के उनि अजय सोनवानी सहित विशेष टीम के जवानों की सराहनीय भूमिका रही।

 

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी विष्णु राठिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।