केशकाल बस स्टैंड में आयोजित सम्मान समारोह में चार पूर्व सैनिकों का विधायक नीलकंठ टेकाम ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया।
पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
केशकाल बस स्टैंड स्थित प्रतीक्षालय में आयोजित सम्मान समारोह में केशकाल विधानसभा क्षेत्र के चार पूर्व सैनिकों का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भारतीय थल सेना की सिग्नल कोर में 17 वर्षों तक राष्ट्रसेवा देने वाले वीर जवानों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
सैनिक हैं राष्ट्र की शान, सम्मान उनका अधिकार- विधायक
अपने संबोधन में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक राष्ट्र की आन, बान और शान हैं। उनका त्याग, अनुशासन और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है और केशकाल विधानसभा क्षेत्र अपने वीर सपूतों पर गर्व करता है।
नागरिकों ने भी सैनिकों का किया अभिनंदन
समारोह में उपस्थित नागरिकों ने भी पूर्व सैनिकों का अभिनंदन करते हुए उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।
मूसलाधार बारिश में भी उमड़ा सम्मान का सैलाब
पूर्व सैनिकों के केशकाल पहुंचने पर क्षेत्रवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए डटे रहे। बरसते पानी के बीच पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ पूर्व सैनिकों का अभिनंदन किया गया। यह दृश्य राष्ट्रभक्ति, सम्मान और अपने वीर सपूतों के प्रति क्षेत्रवासियों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने भी सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, उन्हें अपने गृह क्षेत्र में मिला यह सम्मान जीवनभर प्रेरणा देता रहेगा





