बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र में बिजली लाइन सुधार के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ठेका कंपनी के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना गड्डापारा आईटीआई कॉलेज के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अमाली निवासी 25 वर्षीय नीलकमल भारद्वाज बिजली लाइन की मरम्मत के लिए खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक ठेकेदार के कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिजली सप्लाई किस परिस्थिति में शुरू हुई और कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई।





