सूरजपुर। मानसून के बीच सूरजपुर जिले में वन विकास निगम की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव स्थित जंगल में प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेशपुर जंगल में पंडो समाज के करीब 20 से 25 घरों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि वन विकास निगम की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान बनाए गए थे।
कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम, वन विकास निगम के अधिकारी, राजस्व विभाग की टीम तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं स्थानीय स्तर पर स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।





