
शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। देर रात दो अज्ञात युवकों ने ट्रांसपोर्टर आशीष सिंह चौहान की चार पहिया वाहन में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात दो युवक ट्रांसपोर्टर आशीष सिंह चौहान के घर के सामने पहुंचे। उन्होंने कार पर पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर फरार हो गए। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक बाइक से आते, पेट्रोल छिड़कते और आग लगाकर भागते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात से लोगों में नाराजगी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ट्रांसपोर्टर आशीष सिंह चौहान ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।




