
विधायक ब्यास कश्यप ने रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को वे केवा गांव पहुंचे और हसदेव नदी के किनारे चल रहे अवैध रेत कारोबार को रोकने के लिए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के मुताबिक, केवा गांव में भारी मात्रा में अवैध रेत डंप की गई है। हसदेव नदी से हाइवा वाहनों में भर-भरकर रेत निकाली जा रही थी। लगातार हो रहे अवैध खनन से परेशान केवा गांव की महिलाओं ने विधायक ब्यास कश्यप से शिकायत की थी।
शिकायत मिलते ही विधायक कश्यप समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध रेत परिवहन को रुकवाया। उन्होंने हसदेव नदी किनारे हो रहे खनन पर नाराजगी जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक द्वारा किए जा रहे विरोध की सूचना मिलते ही जांजगीर तहसीलदार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अवैध रेत भंडारण और खनन का जायजा लिया।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि नदी का सीना चीरकर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




