मालगाड़ी हुई बेपटरी, 10 डिब्बे पटरी से उतरे 5 नदी में गिरे, सिमुलतला स्टेशन के पास हुआ हादसा
पटना। बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। आसनसोल मंडल के लाहाबोन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच सीमेंट लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इस दुर्घटना के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात हावड़ा-किऊल रेलखंड पर स्थित सिमुलतला स्टेशन के पास अप लाइन में मालगाड़ी पलट गई है। जिसके कारण अन्य ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। मालगाड़ी की बोगी टेलवा बाजार के पास बड़ुआ नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज के पास पहुंचते ही डीरेल होने लगी।
बताया जा रहा कि, मालगाड़ी में सीमेंट लोडेड था। वह आसनसोल से झाझा की तरफ जा रही थी। तभी शनिवार की रात करीब 11:40 बजे अचानक डीरेल हो गई और पलट गई। इस वजह से काफी देर तक अप और डाउन दोनों ही लाइन में ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। इसके साथ ही घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों की टीम, स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। डीरेल डिब्बों को हटाने में 8 से 9 घंटे का समय लग सकता है





