Acn18. Com कोरबा। महंगी स्पोर्ट्स बाइक चलाने का शौक तीन युवकों को चोर बना गया। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पल्सर RS 200 चोरी के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी 19 वर्षीय मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को भी पकड़ा गया है।
दरअसल, 5 सितंबर की रात देव कुमार अहिरवार ने अपनी पल्सर RS 200 दुकान के सामने लॉक करके खड़ी की थी। सुबह बाइक गायब मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को टीपी नगर की एक चाबी दुकान से ऐसा सुराग मिला, जिसने पूरे मामले की कड़ी जोड़ दी। चोरी के बाद आरोपी उसी पल्सर की डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंचे थे।
लेकिन उन्हें क्या पता था कि चाबी की दुकान पर ही उनकी पहचान खुल जाएगी। दुकानदार को शक हुआ तो उसने चुपचाप डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पल्सर RS 200 के साथ कुसमुंडा क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी चोरी करने की बात भी कबूल की। पुलिस ने दोनों चोरी के वाहन, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल समेत अन्य सामान जब्त कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें महंगी स्पोर्ट्स बाइक चलाने का शौक था, लेकिन बाइक खरीदने के पैसे नहीं थे। इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की योजना बना डाली।
मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कुल मिलाकर, महंगी बाइक का शौक पूरा करने निकले चोरों की कहानी एक डुप्लीकेट चाबी की दुकान पर आकर खत्म हो गई।









