Acn18. Com.कोरबा मॉडल रेलवे स्टेशन में दिव्यांगजनों के लिए अलग और आरक्षित पार्किंग की मांग तेज हो गई है। दिव्यांग संगठनों ने इस मांग को लेकर सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत को ज्ञापन सौंपते हुए रेलवे से जल्द सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कोरबा मॉडल रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले दिव्यांग यात्रियों को पार्किंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसी परेशानी को देखते हुए छत्तीसगढ़ सशक्त सेना संघ के सहसचिव प्रदीप चंद्रा और छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश खाकसे ने सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि स्टेशन परिसर में दिव्यांगजनों के वाहनों के लिए पृथक, सुरक्षित और आरक्षित पार्किंग स्थल बनाया जाए, ताकि उन्हें वाहन पार्क करने के बाद स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी न हो।
संगठनों का कहना है कि इस मांग को लेकर 15 सितंबर 2025 को डीआरएम बिलासपुर को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
दिव्यांग प्रतिनिधियों ने कहा कि पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधा महज सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान, समान अवसर और सुगम आवागमन के अधिकार से जुड़ा विषय है।
अब सांसद से उम्मीद जताई गई है कि वे रेलवे के सक्षम अधिकारियों के समक्ष इस मांग को उठाकर कोरबा मॉडल रेलवे स्टेशन में दिव्यांग पार्किंग की सुविधा जल्द स्वीकृत और निर्मित कराने के लिए पहल करें।
दिव्यांगजनों की मांग साफ है—रेलवे स्टेशन पर सुविधा ऐसी हो, जहां सफर के साथ सम्मान और सुगमता का अधिकार भी सुनिश्चित हो।










