
कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। बारिश के कारण किसी को छोटा तो किसी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी बीच कोरबा की पुरानी बस्ती से एक हादसे की तस्वीर सामने आई है, जहां एक जर्जर भवन का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। भवन का मलबा पास खड़ी कार के ऊपर जा गिरा, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
Vo पुरानी बस्ती में घटी इस घटना में गनीमत रही कि जिस वक्त जर्जर भवन का हिस्सा गिरा, उस दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर मलबा बिखरा नजर आया।
लगातार बारिश के कारण कोरबा जिले में कई लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। कहीं घरों को नुकसान पहुंच रहा है, तो कहीं वाहन और अन्य सामान बारिश या जर्जर भवनों की चपेट में आकर खराब हो रहे हैं। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए बारिश से होने वाला यह अतिरिक्त नुकसान परेशानी बढ़ा रहा है।
लगातार बारिश के चलते कोरबा में जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है और लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवनों का सर्वे कराने, खतरनाक मकानों को सुरक्षित कराने और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।








