पेंड्रा। पेंड्रा थाना क्षेत्र के जाटादेवरी गांव स्थित जोगिया तालाब में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। बिलासपुर से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब 36 घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद बुधवार को युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान बासीनपाट निवासी रामदयाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक जोगिया तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।
36 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने जोगिया तालाब में लगातार करीब 36 घंटे तक युवक की तलाश की। तालाब में गहराई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने अभियान जारी रखा। कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को टीम को युवक का शव बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच
शव बरामद होने के बाद पेंड्रा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूबने के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।







