Home Astrology पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी : एक दिन...

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाई फांसी : एक दिन पहले पत्नी से मारपीट के बाद पुलिस ने दी थी समझाइश

0
5

 

तिल्दा-नेवरा के ग्राम सिर्वे में 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घरेलू विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम सिर्वे में 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा घरेलू विवाद और शराब की लत को संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

 

पत्नी से विवाद के बाद पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिर्वे निवासी 35 वर्षीय मोतीराम वर्मा ड्राइवरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार शाम भी कथित तौर पर शराब के नशे में उसका पत्नी से विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान टांके लगाने पड़े। घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर लौट गई।

 

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

सोमवार को मोतीराम अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। परिजनों ने पहले यह समझा कि वह शराब के नशे में सो रहा है। लेकिन देर शाम तक कोई हलचल नहीं होने पर दरवाजा खटखटाया गया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो वह कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

पुलिस विभाग के लिए भी कर चुका था काम

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मोतीराम वर्मा कुछ समय तक पुलिस विभाग के लिए वाहन चालक के रूप में भी कार्य कर चुका था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।