पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना एवं यातायात इकाइयों द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई।
सघन जांच के दौरान कुल 26 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई। इनमें 05 चार पहिया वाहन चालक एवं 21 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालकों को न्यायालयीन प्रक्रिया हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।
सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आता है कि शराब पीकर वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। नशे की अवस्था में चालक की निर्णय क्षमता प्रभावित होती है, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कम हो जाती है तथा उसका रिएक्शन टाइम सामान्य से अधिक हो जाता है, जिसके कारण अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों में वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना कठिन हो जाता है। यही कारण है कि नशे की हालत में वाहन संचालन से दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
कोरबा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी परिस्थिति में शराब सेवन के पश्चात वाहन का संचालन न करें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
कोरबा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से इस प्रकार की विशेष कार्यवाही भविष्य में भी लगातार जारी रखी जाएगी।
*”सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”*




