Acn18. Com. भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में नगर पंचायत पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं दोनों की मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चार लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां से उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, पार्षद रामखिलावन जांगड़े ने सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनकी हालत सामान्य बताई गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। मामले में जांच और आधिकारिक जानकारी के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वार्ड पार्षद के निधन से पामगढ़ में शोक की लहर है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे दोनों मौतों की असली वजह सामने आ सकेगी।





