Acn18. Com.कोरबा के ग्राम पंचायत झाबर में पंचायत की निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। अटल चौक की कीचड़ भरी और जर्जर सड़क की हालत से परेशान ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क की मरम्मत की और साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति और गांव की समस्याओं को लेकर कई बार सरपंच को मौखिक रूप से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद सड़क सुधारने का फैसला लिया।
खास बात यह रही कि अभियान में उप-सरपंच प्रिया निलेश साहू समेत पंच गोपाल कौशिक, ललिता बाई, विजय कंवर और अमर सिंह कंवर भी ग्रामीणों के साथ श्रमदान करते नजर आए।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब ग्रामीणों ने पंचायत के विकास के लिए आगे भी इसी तरह एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया है।
हालांकि ग्रामीणों के इन आरोपों पर पंचायत की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





