Acn18. Com जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम आकाशीय बिजली ने कहर बरपा दिया। तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास की एक झोपड़ी में जाकर रुक गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ झोपड़ी के पास आकाशीय बिजली गिरी और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में 24 वर्षीय नरेश खैरवार, 32 वर्षीय रामभरोश पटेल और 51 वर्षीय तुलसी राम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं अंजू पटेल, दुलारा बाई पटेल और बैशाखू खैरवार घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
महुदा की इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। प्रशासन भी लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील करता है।









