
कोरबा। शिक्षा के प्रचार-प्रसार और जरूरतमंद बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे ‘शिक्षा रथ’ को लेकर आम लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह शिक्षा रथ इस समय पूरे कोरबा जिले का भ्रमण कर रहा है।
शिक्षा रथ की इस अनोखी पहल से प्रेरित होकर शहरवासी और सामाजिक संगठन अपनी ओर से आगे बढ़कर कॉपी, किताबें व अन्य शिक्षण सामग्री दान कर रहे हैं।

इसी कड़ी में भारत विकास परिषद (कोरबा शाखा) की ओर से शिक्षा रथ को बड़ी संख्या में कॉपियां और अध्ययन सामग्री भेंट की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने शिक्षा रथ के समीप पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग देने की भावना से यह सामग्री प्रदान की।
सामग्री वितरण के दौरान भारत विकास परिषद के प्रमुख कार्यकर्ता एवं सदस्य महेश गुप्ता, मोहन अग्रवाल, प्रमोद पांडे, कमलेश यादव, विष्णु शंकर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।संस्था के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा रथ के माध्यम से दूर-दराज और जरूरतमंद बच्चों तक अध्ययन सामग्री पहुंचाना एक सराहनीय प्रयास है, जिसमें समाज के हर वर्ग को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।





