वरिष्ठ पत्रकार श्री हरिराम चौरसिया का रविवार, 8 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 8:00 बजे आकस्मिक निधन हो गया है। वे कुछ समय से अस्वस्थ थे और रायपुर के संजीवनी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकारिता जगत और उनके मित्रों में शोक व्याप्त है।
अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान श्री हरिराम चौरसिया ने सदैव निष्पक्षता, ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका जाना कोरबा प्रेस क्लब और संपूर्ण मीडिया जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
वरिष्ठ पत्रकार और उनके अभिन्न मित्र कमलेश यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपने संस्मरण साझा किए और कहा:
”भाई हरिराम चौरसिया मेरे अभिन्न मित्र थे। उनके साथ लंबे समय तक पत्रकारिता करने का गहरा अनुभव रहा है। हरि भाई पत्रकारिता में आ रही गिरावट को लेकर काफी चिंतित रहा करते थे . प्रेस क्लब को लेकर उनके अनेक सुझाव मुझे स्मरण है वह पत्रकारिता और पत्रकारों के हित के लिए पूर्णत समर्पित थे.
मुझे इस बात का कष्ट है कि मैं अंतिम समय में उनके साथ नहीं रह सका। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
कोरबा प्रेस क्लब परिवार सहित जिले के तमाम पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उन्हें अश्रुपूर्ण विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।
ॐ शांति… शांति… शांति… 💐





