Acn18. Com भरत सिंह चौहान जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा में फसल पंजीयन और सत्यापन की नई व्यवस्था को लेकर पटवारियों ने मोर्चा खोल दिया है। PV ऐप के जरिए फसल के भौतिक सत्यापन के निर्देश का जिला राजस्व पटवारी संघ ने विरोध करते हुए इसके बहिष्कार का ऐलान किया है।
पटवारियों का कहना है कि पहले खेतों में जाकर गिरदावरी के जरिए फसल का सत्यापन किया जाता था, लेकिन अब पुराने पोर्टल को बंद कर PV ऐप के माध्यम से सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
संघ के मुताबिक धान खरीदी शुरू होने में ज्यादा समय नहीं बचा है और इतने कम समय में जिले के सभी खेतों का भौतिक सत्यापन करना मुश्किल है। पटवारियों ने पर्याप्त समय और जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया है।
इसी मांग को लेकर पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और PV ऐप से फसल सत्यापन के निर्देश का बहिष्कार करने की बात कही।
पटवारियों का कहना है कि अगर समय पर फसल सत्यापन पूरा नहीं हुआ, तो इसका असर किसानों पर पड़ सकता है और समर्थन मूल्य पर धान बेचने में उन्हें परेशानी हो सकती है।
अब पटवारियों के विरोध के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और धान खरीदी से पहले सत्यापन की प्रक्रिया कैसे पूरी होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।





