Acn18.com/एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। यह बस बिहार के सासाराम से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर आ रही थी। इस भीषण हादसे में बस में सवार लगभग दर्जन भर यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
सासाराम से अंबिकापुर आ रही यात्री बस जैसे ही प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग के पास पहुंची, अचानक बस का अगला टायर फट गया। टायर फटने के कारण चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चार यात्रियों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया है। वहीं, अन्य सामान्य रूप से घायल यात्रियों का इलाज प्रतापपुर अस्पताल में जारी है।
फिलहाल प्रतापपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और यात्रियों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।





