Acn18. Com MCB. मनोज श्रीवास्तव छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में अब तक 407 मरीज चिन्हित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 300 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 138 एक्टिव केस बताए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के मुताबिक, एक्टिव मरीजों में 47 होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 91 मरीज अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं। मरीजों के उपचार और निगरानी में कोरोना काल के प्रोटोकॉल के अनुसार सावधानी बरती जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरस और बैक्टीरिया के फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। ऐसे में लोगों को कोरोना काल जैसी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
उन्होंने भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और खांसी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच और उपचार कराने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि प्रदेश के अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच और पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था है। फिलहाल चुनौती संक्रमण की रफ्तार पर रोक लगाने की है, जबकि लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है।









