Acn 18.Com.कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र से युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। चोरी की जानकारी दुकान मालिक को देने से नाराज आरोपियों ने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
मामला 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे का है। पुलिस के मुताबिक, चाकाबुड़ा छिछमेपारा निवासी 23 वर्षीय अजय सिदार ने गांव के सल्हिापारा में एक दुकान के पुराने घर से तीन युवकों को कथित तौर पर चोरी का सामान ले जाते देखा था। अजय ने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दे दी।
इसी बात से नाराज होकर रात में कान्हा अगरिया, बिज्जू, सोनू अगरिया और एक नाबालिग ने तालाब के पास अजय को घेर लिया। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लात से उसकी पिटाई की।
इसी दौरान आरोपियों ने उसका गला दबाया, जबकि नाबालिग ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायत के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।









