शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और दुकान से उठता काला धुआं देखकर इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया और आसपास की दुकानें जलने से बच गईं।
*साप्ताहिक बंदी के दिन रात 12 बजे लगी आग*
जानकारी के अनुसार मंगलवार को कोरबा में साप्ताहिक अवकाश था। बाजार बंद होने से पावर हाउस रोड पर सन्नाटा था। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ से धुआं निकलते देखा।
तुरंत दुकान संचालक को सूचना दी गई। शटर खोलकर देखने पर पता चला कि दुकान के भीतर आग तेजी से फैल चुकी है और कपड़े-फर्नीचर जल रहे हैं। इसके बाद दमकल को बुलाया गया।
*आधे घंटे में पाया काबू, मार्केट बच गई*
दमकल की गाड़ियां पहुंचते ही कर्मियों ने पानी की बौछार शुरू की। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि आग बगल की दुकानों तक नहीं फैल पाई। अगर समय पर नियंत्रण नहीं होता तो पावर हाउस रोड की पूरी मार्केट चपेट में आ सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





