Dhamtari शहर में एक बार फिर ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना सामने आई है। सोरिद पुल के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक विस्फोट होने के बाद भीषण आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से पहले चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं। देखते ही देखते तेज धमाके होने लगे और आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और विस्फोट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गर्मी के इस सीजन में यह चौथी या पांचवीं बड़ी घटना बताई जा रही है। बार-बार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से पुराने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की जांच कर जल्द सुधार कार्य करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




