
गेवरा। महिला इंटक गेवरा क्षेत्र द्वारा ऊर्जा नगर वर्कर्स क्लब में सावन झूला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिला इंटक से जुड़ी महिलाओं, बच्चों और यूनियन के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंटक केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह रहे। सावन उत्सव के दौरान महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत-संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों के बीच पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजन के दौरान सावन क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सविता को सावन क्वीन चुना गया। इस अवसर पर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसके बाद सावन झूला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर गेवरा क्षेत्र के अध्यक्ष देमंत मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं और बच्चों में उत्साह एवं उत्सुकता बनाए रखने के साथ-साथ आपसी मेलजोल को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से इंटक यूनियन से जुड़े सभी लोग एक स्थान पर एकत्रित होकर एक-दूसरे से संवाद और परिचय बढ़ाने का अवसर प्राप्त करते हैं।
महिला इंटक गेवरा क्षेत्र के इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और यूनियन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम हंसी-खुशी और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।






