Home छत्तीसगढ़ Jashpur News: पुलिया अधूरी, ट्रक की ट्यूब और बांस से बनी नाव...

Jashpur News: पुलिया अधूरी, ट्रक की ट्यूब और बांस से बनी नाव के सहारे नदी पार कर रहे ग्रामीण

0
5

जशपुर। जिले के मनोरा विकासखंड के अलोरी गांव में ग्रामीणों को आज भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है। इब नदी पर निर्माणाधीन पुलिया का काम अब तक पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने ट्रक की ट्यूब और बांस के सहारे अस्थायी नाव तैयार कर ली है।

रस्सी के सहारे नदी पार करने को मजबूर

ग्रामीण तेज बहाव वाली इब नदी को इसी जुगाड़ की नाव के सहारे पार कर रहे हैं। नाव को नदी के दोनों किनारों पर बंधी रस्सी के सहारे खींचकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक ले जाया जाता है। एक बार में करीब पांच लोग इस अस्थायी नाव से नदी पार करते हैं।

हालांकि तेज बहाव के बीच यह व्यवस्था बेहद जोखिम भरी है। रस्सी टूटने या नाव का संतुलन बिगड़ने की स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद ग्रामीणों के पास फिलहाल नदी पार करने का कोई दूसरा आसान विकल्प नहीं है।

पुलिया का काम जल्द पूरा कराने की मांग

मतलूँगा-अलोरी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन पुलिया उनके लिए बेहद जरूरी है। पुलिया का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम और आवागमन के लिए इस अस्थायी नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इब नदी पर निर्माणाधीन पुलिया का काम जल्द पूरा कराया जाए, ताकि उन्हें जान जोखिम में डालकर नदी पार करने से राहत मिल सके।

फिलहाल पुलिया के पूरा होने का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के लिए ट्रक की ट्यूब, बांस और रस्सी से बनी यह नाव ही नदी पार करने का सहारा बनी हुई है।