जांजगीर-चांपा। जिले में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब दूल्हा शराब के नशे में बारात लेकर शादी करने पहुंच गया। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, खोखरा निवासी संत कुमार की शादी कोसमंदा निवासी मुस्कान प्रधान के साथ तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात कोसमंदा पहुंची, लेकिन विवाह की रस्मों से पहले ही दूल्हे के नशे में होने की बात सामने आ गई।
दुल्हन और उसके परिजनों ने दूल्हे की हालत देखकर नाराजगी जताई और शादी करने से मना कर दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच समझाइश और बातचीत का दौर चला, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।
आखिरकार शादी की रस्में नहीं हो सकीं और दूल्हे को बारात सहित मंडप से वापस लौटना पड़ा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




