Home KORBA पत्नी से विवाद के बाद CRPF जवान ने दी जान : जम्मू-कश्मीर...

पत्नी से विवाद के बाद CRPF जवान ने दी जान : जम्मू-कश्मीर से बलरामपुर आया हुआ था छुट्टी पर, पेड़ पर लगाई फांसी

0
7

 

बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में छुट्टी पर घर आए CRPF जवान राजाराम प्रजापति ने पत्नी से विवाद के बाद आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

 

 

बलरामपुर। जम्मू-कश्मीर में देश की सुरक्षा में तैनात एक CRPF जवान ने अपने ही घर में पारिवारिक विवाद से परेशान होकर ऐसा कदम उठा लिया। छुट्टी लेकर घर आए जवान ने पत्नी से हुए विवाद के बाद घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि, जवान पहले भी पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान था और करीब छह माह पहले जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।

 

 

सीआरपीएफ जवान की पत्नी संग अनबन

मिली जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला निवासी राजाराम प्रजापति (35) वर्ष 2021 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती हुए थे। उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में थी। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे, जहां घर लौटने के बाद उनका पत्नी के साथ लगातार विवाद हो रहा था।

 

मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण

मृतक के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि, बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद राजाराम गुस्से में रस्सी लेकर घर से बाहर निकले और घर के पास स्थित आम के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। उनके पीछे दौड़ी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर उन्हें फंदे से नीचे उतारा। उस समय उनकी सांसें चल रही थीं।

 

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

परिजन तत्काल उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

मामले की जांच कर रही पुलिस

बताया जा रहा है कि, करीब छह माह पहले भी राजाराम ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए जहर पी लिया था। उस दौरान उन्होंने एक वीडियो जारी कर पैसों की मांग करने, जान से मारने की धमकी देने और परिवार वालों से बात करने से रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है