जांजगीर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धाराशिव मोड़ के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर के बाद अनियंत्रित ऑटो पुल से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार महिला और बच्चों को भी चोटें आई हैं। घायल बाइक सवार को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
सगाई कार्यक्रम से लौट रही थी ऑटो, चालक फरार
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव निवासी रितेश बर्मन अपनी बाइक (क्रमांक CG 11 BS 7630) से जांजगीर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के धाराशिव मोड़ के पास सामने से आ रही ऑटो (क्रमांक CG 11 B 6928) ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल से जा टकराई। बताया जा रहा है कि ऑटो में महिला और बच्चे सवार थे, जो एक सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष शिव चौरसिया और उनकी टीम ने घायल युवक की मदद की। उन्होंने मौके की स्थिति को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
शिव चौरसिया ने कहा, “यह सड़क काफी घुमावदार है और यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार प्रशासन को पत्र लिखने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई है।”





