Home KORBA कोरबा: CA समेत 4 पर कूटरचित दस्तावेज से फर्म कब्जाने का आरोप,...

कोरबा: CA समेत 4 पर कूटरचित दस्तावेज से फर्म कब्जाने का आरोप, FIR दर्ज

0
2

कोरबा। जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में सीएसपीडीसीएल (छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी) में ठेकेदारी पंजीयन और कारोबार से जुड़ी फर्म की साझेदारी में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। प्रार्थी रमेश कुमार अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने सीए और वित्तीय सलाहकार समेत 4 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 338, 340(2), 336(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

aq3

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2007 में ‘मेसर्स पुरुषोत्तम गुप्ता’ फर्म में पुरुषोत्तम गुप्ता (55 प्रतिशत), रमेश अग्रवाल (40 प्रतिशत) और अशोक अग्रवाल (5 प्रतिशत) भागीदार थे। आरोप है कि वर्ष 2010-11 के बाद प्रार्थी रमेश अग्रवाल को फर्म की आय और कारोबार का ब्यौरा नहीं मिला।

प्रार्थी के मुताबिक, आरटीआई से मिले बैंक दस्तावेजों में सामने आया कि 29 अप्रैल 2011 को तीनों भागीदारों का संयुक्त खाता बंद कर दिया गया। इसके बाद कथित दस्तावेजों के आधार पर फर्म का नया खाता खोला गया, जिसमें पुरुषोत्तम गुप्ता और सरोज गुप्ता को भागीदार बताया गया।

सीएसपीडीसीएल के दस्तावेज और 2009 के स्टाम्प पर सवाल

शिकायत में सीएसपीडीसीएल रायपुर से आरटीआई के जरिए प्राप्त दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि 15 अप्रैल 2010 को ठेकेदारी पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में पुरुषोत्तम गुप्ता के साथ रमेश अग्रवाल और अशोक अग्रवाल को भागीदार दर्शाया गया था। शिकायतकर्ता का तर्क है कि यदि 22 मार्च 2009 को ही साझेदारी बदलकर पुरुषोत्तम गुप्ता और सरोज गुप्ता की हो गई थी, तो वर्ष 2010 के दस्तावेजों में पुराने भागीदारों के नाम कैसे दर्ज थे। इसी आधार पर पूर्व की तारीख दर्शाते हुए साझेदारी दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा साझेदारी दस्तावेज में प्रयुक्त 500-500 रुपये के स्टाम्प क्रमांक A641907 और A641908 को भी कूटरचित बताया गया है। प्रार्थी का दावा है कि इन पर 22 मार्च 2009 की तारीख और स्टाम्प वेंडर पंजी क्रमांक 578 एवं 579 दर्ज है, जबकि आरटीआई के अनुसार संबंधित वेंडर ने उस दिन स्टाम्प नहीं बेचा था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दस्तावेज पर 15 मार्च 2009 को उप कोषालय सारंगढ़ से स्टाम्प जारी होने की मोहर है, जबकि आरटीआई जानकारी के मुताबिक उस दिन किसी वेंडर को स्टाम्प जारी नहीं किए गए थे।

खरीदार के इनकार के बाद 4 आरोपियों पर मामला दर्ज

शिकायत के अनुसार, दोनों स्टाम्पों पर क्रेता के रूप में गोविन्द थवाईत का नाम दर्ज है, लेकिन हस्ताक्षर नहीं हैं। प्रार्थी ने गोविन्द थवाईत के शपथपत्र का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने ये स्टाम्प खरीदे ही नहीं थे।

प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि पुरुषोत्तम गुप्ता, सरोज गुप्ता, वित्तीय सलाहकार एस.के. अग्रवाल और सीए सुरेश अग्रवाल ने मिलीभगत से कथित कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया और उसकी तथा अशोक अग्रवाल की हिस्सेदारी वाली फर्म के कारोबार पर कब्जा कर लिया। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दस्तावेजों और घटनाक्रम की विवेचना शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!