रायपुर। राजधानी रायपुर में ATM से पैसे निकालने के दौरान ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने भिलाई निवासी IT एक्सपर्ट का ATM कार्ड बदल दिया और उनके बैंक खाते से करीब 1 लाख 89 हजार 500 रुपये की रकम निकाल ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने इस राशि से ऑनलाइन खरीदारी की। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मदद के बहाने बदला ATM कार्ड
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर के रिंग रोड स्थित SBI ATM की है। भिलाई निवासी IT एक्सपर्ट ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मदद करने का भरोसा दिलाया। इसी बहाने आरोपी ने कथित तौर पर उनका ATM कार्ड बदल दिया। पीड़ित को उस समय कार्ड बदले जाने का एहसास नहीं हुआ।
दो दिनों में खाते से निकले 1.89 लाख रुपये
बताया जा रहा है कि 3 और 4 अक्टूबर के बीच आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 1,89,500 रुपये की रकम निकाल ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस पैसे का इस्तेमाल ऑनलाइन खरीदारी के लिए किया गया। पीड़ित को ATM कार्ड बदले जाने और खाते से रकम गायब होने की जानकारी घटना के करीब चार दिन बाद हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
CCTV फुटेज और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडी नगर थाना पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ATM में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा बैंक खाते से हुए लेनदेन और ऑनलाइन खरीदारी से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी में शामिल व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।





