भिलाई के ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू के HTC ऑफिस, गोदाम और बलौदाबाजार यार्ड में State GST की टीम ने छापेमारी कर करीब 6 घंटे दस्तावेजों की जांच की।
भिलाई। करीब 1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े ट्रांसपोर्टर इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू की कंपनी हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के ठिकानों पर सोमवार को State GST की टीम ने दबिश दी, GST अधिकारियों ने भिलाई स्थित कंपनी के ऑफिस और गोदाम के साथ-साथ बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी कारोबारी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की। हालांकि, विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई किस मामले या संभावित गड़बड़ी की सूचना के आधार पर की गई।
6 घंटे तक दस्तावेजों की जांच
State GST की टीम ने HTC से जुड़े कारोबारी रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य कागजात खंगाले। अधिकारियों ने भिलाई स्थित ऑफिस और गोदाम के अलावा बलौदाबाजार के यार्ड में भी जांच की। कार्रवाई के दौरान किन दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया गया है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। GST विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह और सामने आए तथ्यों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
BSP से भी जुड़ा है HTC का कारोबार
HTC के कारोबार का एक बड़ा हिस्सा भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से जुड़ा हुआ है, जानकारी के मुताबिक कंपनी की करीब 60 से 70 गाड़ियां BSP में परिवहन कार्य में लगी हैं। ये वाहन प्लांट के भीतर लोडिंग समेत परिवहन से जुड़े कामों के लिए संचालित होते हैं। ऐसे में GST जांच के दौरान कंपनी के परिवहन कारोबार से जुड़े बिल, रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं। कंपनी का कारोबार कई स्थानों पर संचालित होने के कारण टीम ने भिलाई के साथ बलौदाबाजार स्थित यार्ड में भी जांच की।
1500 ट्रकों के संचालन से जुड़े हैं इंद्रजीत सिंह
इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू भिलाई के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में शामिल हैं, वे हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के डायरेक्टर हैं और करीब 1,500 ट्रकों के संचालन से जुड़े बताए जाते हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबार के अलावा इंद्रजीत सिंह SBS हॉस्पिटल भिलाई के डायरेक्टर, भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष, सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष और न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद साफ होगी कार्रवाई की वजह
फिलहाल विभाग की ओर से किसी टैक्स चोरी या कर संबंधी अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, State GST की कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के दौरान किन रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल की गई, क्या कोई दस्तावेज जब्त किए गए और क्या टैक्स से जुड़ी कोई गड़बड़ी सामने आई है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा








