Home छत्तीसगढ़ तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर:हादसे में वाहन के पहिये...

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर:हादसे में वाहन के पहिये के नीचे आकर युवक की मौत, लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पीटा

0
192

Acn18.com/जशपुर जिले के नामनी गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर से टक्कर के बाद युवक पहिये के नीचे आ गया था, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ ने दौड़कर आरोपी को पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अजय राम (30 वर्ष) अपनी बाइक से ग्राम सिंगीबहार से ग्राम उपकछार की ओर जा रहा था, तभी ग्राम नामनी के पास मंगलवार रात 8 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर सिंगीबहार की ओर से जा रहा था। सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर होने के बाद अजय बाइक से नीचे गिर पड़ा और वाहन के पहिये के नीचे आ गया।

हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक जयमन उर्फ माड़ु सिंगीबहार की ओर भागने लगा, जिसे ग्रामीणों ने सिंगीबहार के वन विभाग के बैरियर के पास पकड़ लिया। लोग आरोपी को ट्रैक्टर समेत नामनी चौक के पास लेकर आए और उसकी जमकर पिटाई भी की। ट्रैक्टर के मालिक का नाम रमेश साहू है, जो सिंगीबहार का रहने वाला है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और ट्रैक्टर चालक को आक्रोशित भीड़ से बचाकर ले गई। पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बता दें कि जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वो छत्तीसगढ़ से झारखंड और ओडिशा को जोड़ती है।

error: Content is protected !!