Acn18. Com. जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहान.जांजगीर-चांपा के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में हुए दर्दनाक हादसे में लापता तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शुक्रवार को नदी के तेज बहाव में तीन युवक बह गए थे, जिसके बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थीं।
रविवार सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर 23 वर्षीय सचिन सिंह और करीब 7 बजे 22 वर्षीय मुरारी साहू का शव बरामद किया गया। इससे पहले पवन पाल का शव मिल चुका था। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि बिलासपुर के चौकसे फार्मेसी कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक नदी में हाथ धोने उतरा और तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी नदी में उतर गए और तीनों हादसे का शिकार हो गए।
रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से कुदरी बैराज तक ड्रोन से भी निगरानी की। हादसे के बाद प्रशासन देवरी पिकनिक स्पॉट को डेंजर जोन घोषित कर आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है।









