Home छत्तीसगढ़ अवंती विहार के फ्लैट में लगी आग:विरासत अपार्टमेंट के लोगों ने भागकर...

अवंती विहार के फ्लैट में लगी आग:विरासत अपार्टमेंट के लोगों ने भागकर बचाई जान, खिड़की से दिखी भयावह लपटें

0
135

Acn18.com/शुक्रवार को रायपुर के बड़े रिहायशी इलाके में बड़ा हादसा हो गया। एक फ्लैट में आग लग जाने की वजह से अफरा-तफरी देखने को मिली। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। अब मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है । यह हादसा अवंती विहार इलाके में हुआ है।

विजय नगर चौक के पास विरासत अपार्टमेंट में यह आग लगी है। जिस वक्त हादसा हुआ, फ्लैट में परिवार के लोग मौजूद थे। शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। अचानक घर में चिंगारी और धुआं दिखा, घर में मौजूद लोग भागकर बाहर आए, पड़ोसियों से मदद मांगी। मगर चंद मिनटाें में बिजली के तारों से होती हुई आग फर्नीचर और कपड़ों तक पहुंची।

आस-पास के सभी लोग नीचे की ओर भागे। दूसरे फ्लैट के लोग भी भागकर नीचे पहुंचे और पुलिस-फायर ब्रिगेड को खबर दी। पूरे इलाके की बिजली फिलहाल बंद कर दी गई है। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं । इस हादसे में फिलहाल किसी के चोट आने की खबर नहीं है । मौके पर खम्हारडीह थाने की टीम भी पहुंची है। भीड़ को सुरक्षित दूर रखा गया है।

बिल्डिंग की ऊपरी पांचवें माले में आग लगी है। फ्लैट की खिड़कियों से बड़ी-बड़ी लपटें साफ देखी जा सकती थीं। अब दोपहर के वक्त गर्मी में अपार्टमेंट के लोग बाहर रहने को मजबूर हैं, इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। आसपास के लोग पीने के पानी और लोगों के बैठने का इंतजाम कर रहे हैं। शुक्रवार की सुबह रायपुर के मोतीबाग इलाके में भी PNB के ATM में आग लग गई, यहां सब कुछ जलकर खाक हो गया।

error: Content is protected !!