Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान
जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के डुमरपाली गांव में क्रेशर और खदान से किसान व ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान का पानी पाइप के जरिए उनके खेतों में छोड़ा जा रहा है, जिससे करीब 5 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद होने की कगार पर है। वहीं खदान में होने वाली ब्लास्टिंग के कंपन से कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने का भी आरोप लगाया गया है।ग्रामीणों के मुताबिक, डुमरपाली गांव के 5 से 6 किसानों के खेतों में क्रेशर की खदान का पानी जबरन छोड़ा जा रहा है। खेतों में पानी भरने से पककर तैयार हो रही धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।वहीं ग्रामीणों ने खदान में लगातार होने वाली ब्लास्टिंग पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ब्लास्टिंग के तेज कंपन से गांव के कई मकानों में दरारें आ गई हैं और लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है। अब प्रभावित किसान फसल नुकसान का मुआवजा और मकानों को हुए नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर क्रेशर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





