
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कैबिनेट बैठक में संविदा कर्मचारियों को 18 दिवस के स्थान पर 30 दिवस का आकस्मिक अवकाश दिए जाने के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी, कोरबा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों को भी शासन के निर्णय के अनुरूप 30 दिवस का आकस्मिक अवकाश प्रदान किए जाने की मांग की गई।
फेडरेशन के महासचिव तरुण वैष्णव ने कहा छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिले के संविदा शिक्षकों के मांगों का समर्थन करता है। छ.ग. शासन के आदेश का पालन कोरबा जिले में भी होना चाहिए।
इस अवसर पर फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री विपिन यादव ने कहा कि जब शासन द्वारा संविदा कर्मचारियों के हित में 30 दिवस आकस्मिक अवकाश का निर्णय लिया गया है, तो स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में कार्यरत संविदा शिक्षकों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से इस संबंध में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया, ताकि संविदा शिक्षकों को शासन के निर्णय का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सत्येश सिंह, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला अध्यक्ष विनोद सांडे, वरिष्ठ पदाधिकारी जय कुमार राठौर एवं संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





