कोरबा। जिले में आज देवउठनी एकादशी यानी गन्ना पूजा का पर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला, बेर और मिट्टी के दीयों की दुकानों पर ग्राहकों की दिनभर चहल-पहल बनी रही।
बढ़े दामों के बावजूद उत्साह बरकरार
बाजार में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार गन्ने और अन्य पूजा सामग्रियों के दामों में थोड़ी बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन पर्व की आस्था और परंपरा के आगे महंगाई का असर कम ही दिख रहा है। लोगों ने परिवार के साथ तुलसी विवाह और गन्ना मंडप सजाने के लिए जमकर खरीदारी की।
मांगलिक कार्यों की शुरुआत से व्यापारियों में खुशी
गन्ना बेचने वाले व्यापारियों ने बताया कि इस बार ग्रामीण क्षेत्रों से गन्ने की अच्छी आवक हुई है। सुबह से ही अच्छी ग्राहकी होने के कारण व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। व्यापारियों का मानना है कि देवउठनी एकादशी के साथ ही अब चतुर्मास समाप्त हो गया है और शादियों व अन्य मांगलिक कार्यों का सीजन शुरू हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार की रौनक और बढ़ेगी।





