Acn18. Com सूरजपुर.
अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सूरजपुर के कुमदा बस्ती में छापेमारी कर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर चल रहे कथित मिलावटी शराब के खेल का खुलासा किया है। टीम ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े के घर से बड़ी मात्रा में नकली ढक्कन, रैपर और शराब की बोतलें बरामद की हैं।
दरअसल, आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि कुमदा बस्ती में घर के एक कमरे से मिलावटी शराब तैयार कर उसे ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर पैक किया जा रहा है। सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान 12 लीटर मिलावटी शराब, अलग-अलग ब्रांड के करीब 2500 नकली ढक्कन, 200 नकली रैपर और लेबल बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में खाली शराब की शीशियां भी मिली हैं।
बताया जा रहा है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसे ब्रांड के नाम पर शराब तैयार करने में किया जा रहा था।
आबकारी टीम ने आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





