Acn18.com.कोरबा के पसान थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला का पीछा कर सुनसान खेत के पास पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला लोकडहा उरांवपारा का है, जहां 22 सितंबर को सुखमनिया एक्का की हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका अक्सर सहस राम मिंज के घर जाकर उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी के साथ शराब पीती थी। सहस राम मिंज कई बार उसे शराब नहीं पीने की समझाइश भी दे चुका था।
घटना वाले दिन आरोपी बकरी चराकर शाम को घर लौटा। उस वक्त घर में उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, तीनों शराब के नशे में थीं। इसी दौरान सहस राम मिंज ने सुखमनिया को डांटकर घर से चले जाने के लिए कहा।
महिला वहां से अपने चाचा के घर जाने लगी। आरोप है कि सहस राम मिंज ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान जगह पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड के बाघा की मदद और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सहस राम मिंज को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।





