
कोरबा।जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह के जंगल में संदिग्ध अवस्था में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घने जंगल के भीतर शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार लाश मिलने की जानकारी सरपंच पति राय सिंह कंवर द्वारा थाने में दी गई। दुर्गम रास्ते और घने जंगल के कारण घटनास्थल तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम जंगल के अंदर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मृतका की पहचान सपना धनुवार, 20 वर्ष, पिता हरिराम धनुवार के रूप में की। जांच में पता चला कि कुसमुंडा थाना क्षेत्र से मृतका की गुमशुदगी की रिपोर्ट करीब 20 दिनों पहले दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। लंबे समय बाद जंगल में शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटनास्थल से पुलिस को मृतका के पास से जहर की शीशी भी बरामद हुई है। इससे मामला संदिग्ध परिस्थितियों की ओर इशारा कर रहा है। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है और जंगल के आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद नवाडीह और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाया जाएगा।




