Acn18. Com.पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण: कोरबा के घंटाघर मैदान में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री लखन लाल और ननकीराम कंवर की मौजूदगी में देखा गया सीधा प्रसारण
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (संसदीय व शासन व्यवस्था) के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई कोरबा द्वारा शहर के हृदय स्थल घंटाघर चौक पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, महापौर संजू देवी कंवर समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता, हजारों कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
घंटाघर मैदान में लगाई गई विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह ने वाराणसी (बनारस) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत का सीधा प्रसारण देखा और उनके राष्ट्र के नाम संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
पीएम मोदी का नेतृत्व देश के लिए गर्व का विषय: लखन लाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन निष्ठा, समर्पण और राष्ट्र सेवा का अद्वितीय उदाहरण है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक, उनका हर कदम देश के विकास और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।
घंटाघर में उत्सव जैसा माहौल
संबोधन के दौरान पूरा घंटाघर परिसर भारत माता की जय और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान रहा। विशाल स्क्रीन पर पीएम मोदी को सुनने के लिए भीषण गर्मी के बावजूद शहरवासी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में डटे रहे।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित सभी ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





