अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में NSUI छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। दो दिन पहले बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद छात्रा के परिजनों ने ज्ञान तिवारी पर प्रताड़ित करने और ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया था।
छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने लगाया आरोप
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
छात्रा के परिजनों ने NSUI छात्र नेता ज्ञान तिवारी पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था।
शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने दर्ज किया केस
परिजनों की शिकायत के बाद गांधीनगर पुलिस ने ज्ञान तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी छात्र नेता फरार बताया जा रहा है। गांधीनगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









