रीवा में हैवी इंजीनियरिंग वर्कशॉप में काम करने के दौरान एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक 26 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे राजेश सोंधिया को काम के दौरान अचानक सीने में दर्द हुआ। साथी कर्मचारियों ने तत्काल मैनेजमेंट को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें फैक्ट्री के वाहन से संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और यूनियन के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिवार के भविष्य को लेकर नौकरी व मुआवजे की मांग रखी। देर शाम तक फैक्ट्री प्रबंधन, परिजनों और यूनियन के बीच बातचीत चलती रही। नौवस्ता चौकी प्रभारी घनश्याम मिश्रा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
आखिरकार प्रबंधन की ओर से मृतक के बेटे को योग्यता के अनुसार स्थायी नौकरी, पत्नी को नौकरी, दो लाख रुपये की सहयोग राशि और अंतिम संस्कार के लिए 35 हजार रुपये देने पर लिखित सहमति बनी। आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है।





