रीवा : रीवा के त्योंथर क्षेत्र के ग्राम परसधा कला और रायपुर में करीब 35 साल पुराने सार्वजनिक रास्ते का विवाद एक बार फिर गरमा गया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर रास्ते की बहाली और पुराने राजस्व आदेशों का पालन कराने की मांग की है।ग्रामीणों के मुताबिक, आराजी क्रमांक 120/1, 120/2, 120/3, 371 और 375 से गुजरने वाले मार्ग को आम जनता के आवागमन और निस्तार के लिए ‘सदामती रास्ता’ घोषित किया जा चुका है। वर्ष 1989 और 1992 में राजस्व न्यायालयों ने भी इस संबंध में आदेश जारी किए थे।

ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में 3 सितंबर 2026 को तहसीलदार न्यायालय त्योंथर ने भी रास्ता बहाल करने का आदेश दिया, लेकिन इसके बावजूद आपत्ति और अपील के जरिए रास्ता खुलने की कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
अब ग्रामीणों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप करते हुए पुराने आदेशों के पालन, राजस्व और पुलिस अमले की मौजूदगी में रास्ता बहाल कराने तथा अवरोध पैदा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। मामला अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और आगे की कार्रवाई पर टिका है।





