Acn18. Com.बिलासपुर से बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कार चालक ने सड़क किनारे बैठी गाय के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सवार की बेरहमी साफ दिखाई दे रही है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयपुरम कॉलोनी का है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक गाय सड़क पर बैठी हुई है। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार के चालक ने गाय को रास्ता देने के बजाय उसके पैरों के ऊपर ही गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में गाय को चोट पहुंचने की आशंका है। बेजुबान जानवर के साथ हुई इस क्रूरता का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। सरकंडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और कार चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर बेजुबान जानवरों की सुरक्षा और वाहन चालकों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





