मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज 9 जून को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज 9 जून को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से प्रतीक्षित तबादला नीति को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।
तबादला नीति पर टिकी कर्मचारियों की नजर
प्रदेश के हजारों अधिकारी और कर्मचारी नई तबादला नीति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में आज की कैबिनेट बैठक में इस विषय पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जल्द ही तबादलों की प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा
धान खरीदी और कस्टम मिलिंग नीति पर होगा फैसला
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा होने की संभावना है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था और कस्टम मिलिंग नीति को लेकर सरकार महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। इन फैसलों का सीधा असर किसानों और धान व्यापार से जुड़े लोगों पर पड़ेगा।
खरीफ सीजन की तैयारियों की होगी समीक्षा
मानसून और खरीफ सीजन को देखते हुए प्रदेश में खाद और बीज की उपलब्धता की स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों और खेती-किसानी प्रभावित न हो।
कई विभागों के प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी
सूत्रों के अनुसार विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष रखे जाएंगे। इन प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सरकार बड़े प्रशासनिक और विकासात्मक फैसले ले सकती है।
आज से शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076
कैबिनेट बैठक के साथ ही आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का भी शुभारंभ करेंगे। इस नई व्यवस्था के जरिए नागरिक टोल फ्री कॉल, पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
शिकायतों के त्वरित समाधान पर रहेगा फोकस
सरकार का दावा है कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इससे आम लोगों और प्रशासन के बीच संवाद और जवाबदेही को मजबूती मिलने की उम्मीद है




