सूरजपुर। जिले के सोनगरा-खड़गावा मार्ग पर सुखदेवपुर के पास स्थित पुलिया टूटने से क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद दर्जनों गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों और एसईसीएल प्रबंधन की ओर से मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बताया जा रहा है कि South Eastern Coalfields Limited के भटगांव क्षेत्र स्थित महान-3 कोयला खदान से प्रतिदिन भारी कोयला लोड वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों के दबाव के चलते पुलिया आखिरकार टूट गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिया की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत कार्य कराया जाता तो यह बड़ा हादसा टल सकता था।
पुलिया टूटने के बाद क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और नई पुलिया निर्माण की मांग की है।




