बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम खरथुली में धान की बोवाई के दौरान भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में काम कर रहे दो भाइयों पर उनके ही रिश्तेदारों ने कुदारी से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खरथुली निवासी अनेश्वर किसान गुरुवार सुबह अपनी मां विंता बाई और छोटे भाई सोहन लाल साहू के साथ अपने कब्जे की कृषि भूमि में धान की बोवाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदार मुकेश साहू, सुरेश साहू, बिसाखा बाई, केशरी बाई, हीरो बाई, नीलू साहू और सोमेश साहू वहां पहुंचे और खेत में बोवाई करने का विरोध करने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान मुकेश साहू ने कुदारी से सोहन लाल साहू के सिर पर हमला कर दिया, जबकि सुरेश साहू ने दूसरे भाई के सिर पर कुदारी से वार किया। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं ने उनकी मां विंता बाई के बाल खींचकर उन्हें जमीन पर पटक दिया और मारपीट की।
घटना के दौरान आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस सहायता वाहन मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल डौंडीलोहारा में भर्ती कराया गया।
डौंडीलोहारा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



