बिलासपुर। जिले में दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश और पानी निकासी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस खूनी संघर्ष में महिला-पुरुष समेत करीब 15 लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों परिवारों के कई सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कोनी थाना में दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद के कारणों, घटना में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश और मामूली विवाद को लेकर हुई इस हिंसक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





